रायगढ़। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत छाल पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 साल के भोपेश्वर उर्फ छोटू राठिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस ने पीड़िता की पहचान और निजता को गोपनीय रखा है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को नाबालिग के परिजन ने छाल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव के युवक ने नाबालिग को कथित तौर पर डराने-धमकाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत के मुताबिक, 18 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान नाबालिग घर से चली गई और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह वह खेत में स्थित एक सुनसान मकान में मिली। घर लाने के बाद पूछताछ में बालिका ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर थाना छाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 214/2026 दर्ज किया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी भोपेश्वर उर्फ छोटू राठिया (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।