सदर बाजार पहुंचते ही गणेश झाँकियों का DJ बंद करने का आदेश, जर्जर भवनों के गिरने का खतरा

रायपुर। गणेश विसर्जन झांकियों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आज झांकी समितियों के आयोजकों के साथ बैठक की। बैठक दोपहर 3 बजे सी-4 भवन में आयोजित हुई। इसमें पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में आयोजकों को झांकी के निर्धारित मार्ग, समय और क्रम का पालन करने के निर्देश दिए गए। झांकी को रास्ते में अनावश्यक रूप से नहीं रोकने और पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित स्वयंसेवक रखने के लिए कहा गया। स्वयंसेवकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस ने आयोजकों से झांकी के दौरान नशे का सेवन नहीं करने, हथियार या धारदार वस्तु नहीं रखने और ध्वनि यंत्र व डीजे का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करने की अपील की। साथ ही आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने तथा पुलिस और यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया।

सदर बाजार के जर्जर भवनों को लेकर हुई चर्चा

बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने झांकियों के आवागमन के दौरान संभावित सुरक्षा खतरे से आयोजकों को अवगत कराया। सुरक्षा को देखते हुए झांकियों के मार्ग में बदलाव का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रस्तावित मार्ग परिवर्तन पर असहमति जताई।

इसके बाद आयोजकों ने सदर बाजार क्षेत्र में ध्वनि यंत्रों की आवाज निर्धारित मानक के अनुसार रखने पर सहमति दी। साथ ही ध्वनि यंत्रों के बेस और वाइब्रेशन मोड को बंद रखने तथा पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और एसडीआरएफ के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने पर भी सहमति जताई।

पुलिस ने कहा कि गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। सभी समितियों से अपने पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को निर्देशों की जानकारी देने तथा विसर्जन के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *