जशपुर। जिले के दुलदुला वन परिक्षेत्र अंतर्गत हल्दीमुंडा-ढोढीआरा गांव में एक दंतैल हाथी मृत अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की नजर जब हाथी के शव पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। विभागीय अमले ने आसपास के क्षेत्र का भी जायजा लिया और हाथी की मौत से जुड़े संभावित कारणों की जानकारी जुटाई।
फिलहाल हाथी की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर वन विभाग द्वारा आवश्यक जांच और प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही हाथी की मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।घटना के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।