महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बसना थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इनोवा कार से 132 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत करीब 66 लाख रुपये है। मामले में महाराष्ट्र निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से गांजा से भरी एक इनोवा कार महासमुंद जिले की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर टीम ने नाकाबंदी कर इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 को रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया 132 किलो गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के तुमुड़ीबंध, जिला कंधमाल से गांजा लेकर पुणे, महाराष्ट्र जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश बाजे (42), पिता रामदास बाजे, निवासी पिपलवंडी, जिला पुणे, महाराष्ट्र और विपुल भालेराव (36), पिता रामचंद्र भालेराव, निवासी कलंब, जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
गांजा, कार और मोबाइल सहित 81.20 लाख का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 132 किलो गांजा, इनोवा कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 81 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।