रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज बारिश का दौर जारी रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। एक-दो जगह भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
रायपुर समेत 15 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। वहीं बुधवार को प्रदेश में बिजली गिरने की घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। बालोद में खेत में काम कर रही महिला की मौत हुई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं।
धमतरी के नगरी इलाके में देर रात गरज-चमक के बीच सड़क पर मौजूद चार लोगों पर अचानक बिजली गिर गई। इस हादसे में एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, वहीं तीनों घायलों का इलाज जारी है। कांकेर में खेत में पेड़ के नीचे बैठे किसान की जान चली गई। वहीं बेमेतरा में तालाब के पास पेड़ के नीचे खड़े दो मजदूरों की बिजली गिरने से मौत हो गई।