बाढ़ से घिरा कोटाभर्री, धमतरी से संपर्क टूटा, उफान नाला पार कर रहे बीजेपी नेता खूबलाल ध्रुव के गांव पहुंचने का वीडियो आया सामने

धमतरी। जिले में बीते कल से लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बारिश के चलते जिले के नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ है। इसी बीच धमतरी क्षेत्र के कोटाभर्री गांव से आज एक अहम तस्वीर सामने आई है, जहां गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क टूटने की जानकारी सामने आ रही है।

ताजा जानकारी के मुताबिक, बीजेपी नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य खूबलाल ध्रुव उफान पर आए नाले को पार कर अपने गांव कोटाभर्री पहुंचे। इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बारिश के बाद उफनते नाले और पानी के तेज बहाव के बीच आवागमन की स्थिति देखी जा सकती है।

उफान पर नाला, गांव तक पहुंचना हुआ मुश्किल

लगातार बारिश के कारण कोटाभर्री गांव के आसपास जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नाले में पानी का बहाव बढ़ने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण कोटाभर्री गांव टापू की तरह अलग-थलग पड़ गया है और धमतरी जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क प्रभावित हुआ है। ऐसी स्थिति में गांव के लोगों के लिए दैनिक जरूरतों के साथ-साथ आवागमन भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। बारिश जारी रहने की स्थिति में नाले का जलस्तर और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों से जलभराव वाले स्थानों और तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की जा रही है।

मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

इधर, मौसम विभाग रायपुर की ओर से आज सुबह धमतरी समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच जिले में लगातार हो रही बारिश ने प्रशासन और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश का असर जिले के नदी-नालों पर भी दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर पानी का बहाव बढ़ने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण इलाकों में विशेष रूप से उन रास्तों पर स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है, जहां नदी या नाले को पार करके ही मुख्य मार्ग तक पहुंचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *