DJ गाड़ी में लगा था लोहे का अतिरिक्त एंगल, पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई की

बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना बिल्हा पुलिस ने वाहनों में अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दो पिकअप वाहनों को जब्त कर उनके चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ऐसे वाहनों की जांच की जा रही है, जिनमें अतिरिक्त एंगल लगाए गए हैं। इसी दौरान पेट्रोलिंग के दौरान हाईवे रोड बिल्हा पर रोहित साहू के माजदा वाहन क्रमांक CG10AF5072 और बिल्हा मेन रोड पर चैनदास मानिकपुरी के माजदा वाहन क्रमांक CG10CE3303 की जांच की गई।

दोनों वाहनों में डीजे लोड करने के लिए दाएं, बाएं और ऊपर की तरफ लोहे के अतिरिक्त एंगल लगाए गए थे। पुलिस के मुताबिक, इस तरह लगाए गए अतिरिक्त एंगल से सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। जांच के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं 130(3)/177 और 194(1)(ए) का उल्लंघन पाए जाने पर मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद दोनों वाहनों को धारा 207 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया।

इस मामले में रोहित साहू (29), निवासी खरकेना, थाना हिर्री और चैनदास मानिकपुरी (24), निवासी बिल्हा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों में किए गए ऐसे अवैध बदलावों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *