Raipur : टाटीबंध चौक के एटीएम में तोड़फोड़, कैश चोरी की कोशिश, स्क्रीन और कैमरा क्षतिग्रस्त

रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास किया। टाटीबंध चौक स्थित अग्रवाल होटल के पास इंडिया 1 पेमेंट लिमिटेड के एटीएम को निशाना बनाया गया। घटना में एटीएम की स्क्रीन, सेफ लॉक, कैमरा और कैश निकासी क्षेत्र सहित कई उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। मामले में पुलिस से शिकायत की गई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, नमन वोरा इंडिया 1 पेमेंट लिमिटेड में फ्रेंचाइजी के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर से 26 सितंबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति ने चोरी के उद्देश्य से कंपनी द्वारा संचालित एटीएम में तोड़फोड़ की।

आरोपी ने एटीएम के स्क्रीन, सेफ लॉक, कैमरा, कैश निकासी क्षेत्र और अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा एटीएम में लगे यूपीएस की बैटरी चोरी करने का भी प्रयास किया गया। शिकायत के आधार पर आमानाका पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *