बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में पूर्व रंजिश को लेकर रास्ता रोककर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू और डंडा बरामद कर जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पोंसरा निवासी आयुष रजक ने 27 सितंबर को थाना कोनी में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 26 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी आकाश, आशीष रजक और बोड्डा के साथ बिरकोना से डीजे को मजदा वाहन में लोड कर गांव लौट रहा था।
इसी दौरान जलसो के पास पिंटू वर्मा अपने साथी दुर्गेश गोंड, राहुल वर्मा और राहुल गोंड के साथ पहुंचा। आरोप है कि पूर्व रंजिश की बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डीजे बजाने के लिए कहा। डीजे बजाने से मना करने पर पिंटू वर्मा ने कथित तौर पर धारदार चाकू से हमला किया, जबकि उसके साथियों ने डंडे और स्टिक से मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घेराबंदी कर दो आरोपी पकड़े
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना कोनी पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पिंटू वर्मा (19) और दुर्गेश कुमार गोंड (20) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और डंडा बरामद कर जब्त किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।