Headlines

डूमरतालाब में ब्रेड फैक्टरी पर नगर निगम का छापा, गंदगी मिलने पर 25 हजार का जुर्माना

रायपुर। राजधानी रायपुर के डूमरतालाब क्षेत्र में आवासीय इलाके में संचालित ब्रेड फैक्टरी पर नगर निगम ने कार्रवाई की है। फैक्टरी में गंदगी मिलने और जनशिकायत सही पाए जाने पर नगर निगम जोन-7 ने संचालक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही फैक्टरी की स्वच्छता व्यवस्था तत्काल सुधारने और इकाई को आवासीय क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-7 की टीम ने डॉ. ईश्वरीचरण शुक्ल वार्ड क्रमांक 22 के डूमरतालाब क्षेत्र में यह औचक निरीक्षण किया।

जोन-7 कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में नगर निगम की टीम ने ब्रेड फैक्टरी की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान फैक्टरी परिसर में गंदगी पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि ब्रेड कारखाना आवासीय क्षेत्र में संचालित किया जा रहा है।

जनशिकायत सही पाए जाने पर जोन कमिश्नर ने संबंधित संचालक को तत्काल स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। गंदगी मिलने पर फैक्टरी संचालक पर 25 हजार रुपये की पेनाल्टी लगाने के निर्देश भी दिए गए।

नगर निगम की कार्रवाई के दौरान ब्रेड फैक्टरी संचालक ने इकाई को स्थानांतरित करने के लिए एक माह का समय मांगा। इस पर जोन कमिश्नर ने निर्धारित समयावधि में फैक्टरी को आवासीय क्षेत्र से बाहर ले जाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि तय समय में फैक्टरी स्थानांतरित नहीं करने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *