कोरबा। मिशन रोड में एक परिवार के लिए दिन की शुरुआत डर और दुख के साथ हुई। परिवार अपने पालतू तोतों को देखने पिंजरे के पास पहुंचा तो अंदर करीब 5 फीट लंबा नाग फन फैलाए बैठा था। पिंजरे में मौजूद दूसरा तोता जान बचाने के लिए संघर्ष करता नजर आया। (korba news)
परिवार के मुताबिक, दोनों तोतों को उन्होंने लंबे समय से बच्चों की तरह पाल रखा था। पिंजरे के अंदर नाग को देखकर जब उन्होंने ध्यान से देखा तो पता चला कि सांप एक तोते को शिकार बना चुका था। अपने पालतू तोते को खोने से परिवार भावुक हो गया, जबकि दूसरे तोते की जान भी खतरे में थी। (tote ki maut)
इसके बाद परिवार ने तत्काल नोवा नेचर फाउंडेशन की वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी। जानकारी मिलते ही उन्होंने टीम सदस्य बॉबी श्रीवास को मौके पर भेजा। बॉबी ने पहुंचकर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। (nag sanp)
छोटे पिंजरे में फन फैलाए बैठे नाग को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। रेस्क्यू टीम ने सावधानी बरतते हुए नाग को सुरक्षित तरीके से पिंजरे से बाहर निकाला। इस दौरान उसके शरीर पर संघर्ष के निशान भी दिखाई दिए। इससे अनुमान लगाया गया कि शिकार बना तोता अपनी जान बचाने के लिए काफी देर तक संघर्ष करता रहा होगा।
नाग को सुरक्षित रेस्क्यू बैग में रखने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। बाद में वन विभाग के नियमानुसार नाग को उसके प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।