बहन और भांजे से गांजा सप्लाई कराने वाला गिरफ्तार, फरार था, रायगढ़ में ही हुई गिरफ्तारी

रायगढ़। पुलिस के ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी जफर खान (55 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम बिजना से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 9329 भी जब्त की है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लामीदरहा के सड़कपारा स्थित एक किराना दुकान में रशीदन खान और उसका बेटा शेख नसीब गांजे की पुड़िया बनाकर अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को पकड़ा। तलाशी के दौरान रशीदन खान के कब्जे से गांजे की 10 पुड़िया और शेख नसीब के पास से प्लास्टिक पन्नी में रखा गांजा बरामद किया गया। कुल बरामद गांजे का वजन करीब 1 किलो 28 ग्राम बताया गया। मामले में अपराध क्रमांक 474/2026 के तहत धारा 20(बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ में रशीदन खान और शेख नसीब ने पुलिस को बताया था कि ग्राम बिजना के पठानपारा निवासी जफर खान 15 सितंबर को मोटरसाइकिल से एक किलो से अधिक गांजा लेकर दुकान पहुंचा था। आरोप है कि उसने गांजा 10 हजार रुपये में बेचा था। इसके बाद गांजे की पुड़िया बनाकर 50 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बिक्री की जा रही थी। इस खुलासे के बाद से पुलिस जफर खान की तलाश कर रही थी।

मुखबिर की सूचना पर गांव में दी दबिश

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने फरार आरोपी की तलाश के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया था। इसी दौरान आरोपी के अपने गांव में छिपकर आने की सूचना मिली। इसके बाद उप निरीक्षक गेंदलाल साहू और आरक्षक विक्रम कुजूर को तमनार रवाना किया गया। तमनार पुलिस के सहयोग से संयुक्त टीम ने ग्राम बिजना में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और चक्रधरनगर थाना लाया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में जफर खान ने रशीदन खान को अपनी बहन बताते हुए उसे पहले भी गांजा देने की बात स्वीकार की। उसने 15 सितंबर को रशीदन खान और शेख नसीब को 10 हजार रुपये में गांजा बेचने की बात भी कबूल की। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *