धमतरी। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र धमतरी में आगामी 27 अक्टूबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। उप संचालक रोजगार डॉ.शशिकला अतुलकर ने बताया कि सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक कम्पोजिट भवन स्थित रोजगार कार्यालय में आयोजित इस रोजगार मेले में 5 निजी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा लगभग 630 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसमें ग्लोबल एच आर सोल्यूशन एंड कन्सलटेंट, आमधनी प्रा.लि., हुमिल्टी फाईनेंसियल सोल्यूशन, स्टार आदर्श होम हेल्थ केयर सर्विस सोसायटी एवं स्वतंत्र माइक्रो फाईन प्रा.लि. शामिल हैं।
जिला स्तरीय रोजगार मेले में दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा जीएनएम एवं एएनएम, ग्रेजुएट उत्तीर्ण आवेदक सम्मिलित हो सकते हैं। आवेदकों को शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति, पासपोर्ट साईज की फोटो सहित उपस्थित होना होगा।
साक्षात्कार प्रक्रिया में सम्मिलित होने के लिए आवेदकों को छत्तीसगढ़ रोजगार एप या छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल http://erojgar.gov.in पर ऑनलाईन आवेदन करना अनिवार्य है।