88 हजार में खरीदे बैंक खाते एक लाख में बेचे, ऑनलाइन सट्टे में इस्तेमाल, दो दलाल गिरफ्तार

दुर्ग। सुपेला पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के लेन-देन में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों की खरीद-बिक्री के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक बैंक पासबुक और तीन एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीरज गायकवाड़ और अंशु साव दाऊ बाड़ा तालाब के पास बैंक खातों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया और पूछताछ की।

प्रारंभिक पूछताछ में नीरज गायकवाड़ ने अंशु साव से आंध्र प्रदेश ग्रामीण बैंक के चार खाते 88 हजार रुपये में खरीदकर सिकंदर नामक व्यक्ति को एक लाख रुपये में बेचने की जानकारी दी। वहीं, अंशु साव ने करण सागरिया से चार बैंक खाते 80 हजार रुपये में खरीदकर नीरज को 88 हजार रुपये में बेचने की बात बताई।

जांच में इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टा पैनल में रकम के लेन-देन के लिए किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, एक खाते के जरिए क्यूआर कोड से प्राप्त रकम को सिकंदर के बताए खाते में ट्रांसफर किया जाता था। इसके बदले प्रतिमाह 25 हजार रुपये मिलने की बात भी सामने आई है।

मामले में सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 1552/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है। पुलिस बैंक खातों के लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *