उम्र 75, बुजुर्ग का हल्दी सेरेमनी फोटो वायरल, बेटी की सहेली बनने जा रही पत्नी

यूपी। औरैया जिले में 75 वर्षीय बुजुर्ग और 30 वर्षीय युवती की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। सहार क्षेत्र के अरियारी गांव निवासी रामसुगर और औरैया शहर की रहने वाली रानी राजपूत की सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब उनकी हल्दी की रस्म का वीडियो भी सामने आया है। दोनों की उम्र में 45 साल का अंतर है। बताया जा रहा है कि नवरात्र के बाद दोनों विवाह के बंधन में बंध सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक, रामसुगर और रानी ने कुछ दिन पहले एक स्थानीय ब्यूटी पार्लर में परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में सगाई की थी। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। अब परिवार में शादी की तैयारियां चल रही हैं। हल्दी की रस्म पारंपरिक तरीके से निभाई गई, जिसमें परिजनों ने रामसुगर को हल्दी लगाई।

सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के दौरान बढ़ीं नजदीकियां

बताया जाता है कि इस रिश्ते की शुरुआत सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाने के दौरान हुई। रामसुगर की बेटी राधा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाती हैं। रानी उनकी सहेली थीं और इसी सिलसिले में उनका रामसुगर के घर आना-जाना होता था। इसी दौरान रामसुगर और रानी के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई। करीब एक साल पहले दोनों ने शादी करने का फैसला लिया।

दोनों के जीवन में पहले भी आ चुके हैं उतार-चढ़ाव

रामसुगर के मुताबिक, उनकी पहली पत्नी का सात साल पहले निधन हो गया था। उनके एक बेटे और तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। पत्नी के निधन के बाद वह अकेलापन महसूस कर रहे थे। वहीं, रानी पहले से शादीशुदा रही हैं और उनके दो बच्चे हैं। रानी ने सोशल मीडिया पर बताया था कि उनके पहले पति उन्हें छोड़कर चले गए थे।

परिवार की सहमति से शादी की तैयारी

जानकारी के अनुसार, दोनों परिवारों की सहमति से इस रिश्ते को आगे बढ़ाया जा रहा है। नवरात्र के बाद शुभ मुहूर्त में शादी होने की बात कही जा रही है। विवाह समारोह में परिवार के चुनिंदा सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों को बुलाने की तैयारी है।45 साल की उम्र के अंतर वाले इस रिश्ते को लेकर इलाके में उत्सुकता बनी हुई है। वहीं, सगाई और हल्दी की रस्मों के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *