रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब दुकान पर मोबाइल चोरी का मामला सामने आया है। पंडरी स्थित शराब दुकान में शराब खरीदने पहुंचे एक हेड शेफ की पैंट की जेब से कथित तौर पर आईफोन-15 चोरी हो गया। मोबाइल की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित ने देवेंद्रनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है और एक युवक पर चोरी करने का संदेह जताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मस्क रेस्टोरेंट में हेड शेफ के रूप में काम करने वाले हसीबुल मंडल ड्यूटी खत्म करने के बाद रात में घर जा रहे थे। इसी दौरान उनके दोस्त अब्बास अली नायक का फोन आया। दोस्त ने शराब लेने चलने की बात कही, जिसके बाद दोनों पंडरी शराब दुकान पहुंचे। हसीबुल के मुताबिक, उनका दोस्त दुकान के बाहर खड़ा था और वह शराब खरीदने के लिए अंदर गए थे। इसी दौरान उनके पास खड़े एक युवक ने उन्हें धक्का दिया और शराब लेकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद हसीबुल को पता चला कि उनकी पैंट की जेब में रखा आईफोन-15 गायब है।
पूछताछ में युवक का नाम सामने आने का दावा
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर उसे दुर्गेश साहू नाम के युवक के बारे में जानकारी मिली, जो कथित तौर पर काली नगर पुलिस चौकी के पास रहता है। हसीबुल को संदेह है कि शराब खरीदते समय धक्का देने वाले युवक ने ही उनका मोबाइल चोरी किया है।
चोरी हुए आईफोन-15 की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित ने मोबाइल के आईएमईआई नंबर की जानकारी भी पुलिस को दी है। मामले में देवेंद्रनगर थाने में शिकायत की गई है।