अंबिकापुर। शहर के नावापारा स्थित आकाशवाणी रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उर्दूलाइन स्कूल के पास संचालित हॉस्टल में रहने वाली कक्षा 12वीं की एक छात्रा दो मंजिला इमारत की छत पर चढ़ गई। छात्रा के नीचे कूदने की धमकी देने से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद रोशन ठाकुर नाम के युवक ने साहस दिखाते हुए छात्रा को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा अचानक हॉस्टल की छत पर पहुंच गई और रेलिंग पर चलते हुए नीचे कूदने की बात कहने लगी। मौके पर मौजूद शिक्षकों और आसपास के लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे आने के लिए तैयार नहीं हुई। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे आकाशवाणी रोड पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस की टीम एसआई दिलीप दुबे के साथ मौके पर पहुंची। जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस, शिक्षकों और अन्य लोगों ने छात्रा को सुरक्षित नीचे लाने के लिए लगातार प्रयास किए। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद रोशन ठाकुर ने छात्रा को सुरक्षित नीचे उतार लिया। छात्रा के सुरक्षित नीचे आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल, छात्रा के इस कदम के पीछे की वजह की जानकारी सामने नहीं आई है।