Headlines

पंजाब भेजने के नाम पर 35 टन खली की धोखाधड़ी, फरार ट्रांसपोर्टर रायपुर से गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में ट्रांसपोर्ट के जरिए पंजाब भेजे जा रहे 35.222 टन DOC साल बीज खली को निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचाने के मामले में पुलिस ने फरार ट्रांसपोर्टर को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अवनीश दुबे (35 वर्ष), निवासी टाटीबंध, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया है। वहीं, मामले में फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को मनोरमा इंडस्टरीज, करंजा भिलाई के मैनेजर मनोज कुमार सिंह ने चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 22 नवंबर 2025 को यूटीएस ट्रांसपोर्ट के माध्यम से ट्रक क्रमांक MP 16 H 5792 में 35.222 टन DOC साल बीज खली पंजाब के भटिंडा भेजने का सौदा तय हुआ था। इसके लिए कुल 1,39,471 रुपये किराया निर्धारित किया गया था, जिसमें से ट्रांसपोर्टर अवनीश दुबे को 1,09,471 रुपये अग्रिम भुगतान किया गया था।

आरोप है कि ट्रांसपोर्टर अवनीश दुबे, ट्रक मालिक रोहित उर्फ राहुल दीक्षित और चालक जयप्रकाश ने माल को निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने ट्रक मालिक रोहित उर्फ राहुल दीक्षित से घटना में इस्तेमाल ट्रक और संबंधित 35.222 टन DOC साल बीज खली बरामद कर जब्त की थी। इसके बाद फरार ट्रांसपोर्टर की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने अवनीश दुबे को रायपुर के टाटीबंध इलाके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे दुर्ग के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय में न्यायिक रिमांड के लिए पेश किया गया। मामले में ट्रक चालक जयप्रकाश की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *