Headlines

इस्कॉन मंदिर मोड़ और भटगांव ओवरब्रिज के पास पुलिस की दबिश, 16 लाख का गांजा बरामद, महिला समेत 3 गिरफ्ता

रायपुर। राजधानी में गांजा तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 32.650 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 16 लाख 32 हजार 500 रुपये बताई गई है। कार्रवाई आमानाका और मुजगहन थाना क्षेत्रों में की गई। पुलिस अब आरोपियों से गांजे की सप्लाई और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, आमानाका थाना पुलिस, यातायात पुलिस के टाटीबंध जोन और मुजगहन थाना पुलिस की संयुक्त टीमें शामिल थीं। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को यातायात पुलिस के टाटीबंध जोन को सूचना मिली कि टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर मोड़ के पास सड़क किनारे एक पुरुष और एक महिला गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को पकड़कर उनके पास रखे बैग की तलाशी ली। तलाशी में 27.420 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख 71 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 348/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा पाटिल (21 वर्ष), निवासी जिला सोलापुर, महाराष्ट्र और करिश्मा (28 वर्ष), निवासी जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

भटगांव ओवरब्रिज के नीचे बैग में मिला 5.230 किलो गांजा

दूसरी कार्रवाई मुजगहन थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रायपुर-धमतरी मार्ग पर ग्राम भटगांव ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति बैग में गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और मुजगहन थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। संदिग्ध को पकड़कर उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 5.230 किलोग्राम गांजा मिला। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 61 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मुजगहन थाने में अपराध क्रमांक 297/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश पटेल उर्फ सितेश (26 वर्ष), निवासी जिला रायबरेली, उत्तर प्रदेश, वर्तमान पता चंडीगढ़ के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *