बिलासपुर। शारदीय नवरात्रि के सप्तमी पर्व पर मां महामाया मंदिर रतनपुर में दर्शन के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और शहर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन को देखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, डायवर्सन और नो-एंट्री की व्यवस्था भी की गई है।
रतनपुर महामाया मंदिर के लिए 17 अक्टूबर से भारी वाहनों की नो-एंट्री
यातायात पुलिस के अनुसार, मां महामाया मंदिर रतनपुर में दर्शन के लिए श्रद्धालु पूरी रात पैदल यात्रा करते हैं। इसे देखते हुए 17 अक्टूबर 2026 को शाम 3 बजे से 18 अक्टूबर की सुबह 10 बजे तक दर्शनार्थियों के मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
भारी वाहनों को रोकने और यातायात नियंत्रित करने के लिए मोतीलाल पेट्रोल पंप, महाराणा प्रताप चौक, गुरु नानक चौक, अरपा पुल के पार सकरी की ओर बिलासपुर-सेंदरी-रतनपुर फोरलेन तिराहा बाईपास, मोपका बाईपास के नीचे सेंदरी क्षेत्र, लखनी देवी के आगे हेलीपेड मोड़, कोटा मोड़ शनिचरी पड़ाव रतनपुर, खुटाघाट के पास कर्रा और सिल्ली मोड़ पर व्यवस्था की गई है।
महामाया मंदिर के आसपास निर्धारित पार्किंग स्थल
रतनपुर में मां महामाया के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग हेतु निम्न स्थान निर्धारित किए गए हैं।
- महामाया परिसर VIP पार्किंग
- महामाया मंदिर परिसर के पास पब्लिक पार्किंग
- भैरो बाबा पार्किंग
- कोटा शनिचरी मोड़ पार्किंग
पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
तेलीपारा में मां दुर्गा दर्शन के लिए सात पार्किंग स्थल
बिलासपुर शहर के तेलीपारा मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए 17 अक्टूबर को शाम 5 बजे से देर रात तक यातायात का दबाव रहने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने कई पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर, हैप्पी स्ट्रीट, बाजपेई मैदान, कोतवाली मल्टीलेवल पार्किंग, सरकंडा की ओर राम सेतु के पास निर्माणाधीन न्यू रिवर व्यू मार्ग, फुटबॉल ग्राउंड और देवकी नंदन स्कूल परिसर शामिल हैं।
छोटे वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल की अपील
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में यथासंभव छोटे वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें तथा दुर्गा पंडालों के भीतर वाहन लेकर प्रवेश न करें। प्रवेश और निकास के लिए निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें। पुलिस ने बताया कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना और दर्शनार्थियों की भीड़ को देखते हुए आवश्यकतानुसार पार्किंग, डायवर्सन और नो-एंट्री की व्यवस्था लागू की जा सकती है।