Headlines

किराये के मकान में घुसकर महिला से छेड़छाड़, पति-बच्चों को जान से मारने की धमकी दी, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत रायगढ़ जिले की कोतरारोड़ पुलिस ने छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष चंद्रा उर्फ मंझला (30 वर्ष), निवासी ग्राम अरसिया, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 396/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 78, 351(3) और 331(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

पहले किराये के मकान में छेड़छाड़ का आरोप

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 24 वर्षीय पीड़िता ने 16 अक्टूबर को थाना कोतरारोड़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि करीब एक महीने पहले वह किरोड़ीमलनगर में किराये के मकान में रहती थी। इसी दौरान आरोपी भी उसी क्षेत्र में किराये से रहता था। आरोप है कि उस समय आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ की थी। बदनामी के डर से महिला ने तब शिकायत दर्ज नहीं कराई और अपने गांव चली गई।

पीड़िता के अनुसार, 9 अक्टूबर को वह वापस लौटी और अपने परिवार के साथ दूसरे मकान में रहने लगी। आरोप है कि 10 अक्टूबर को आरोपी उसका नया पता तलाशते हुए वहां पहुंच गया। उसने मकान मालिक से अपनी बहन से मिलने आने की बात कहकर दरवाजा खटखटाया। महिला ने दरवाजा नहीं खोला और अपने भाई को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मकान मालिक से संपर्क किए जाने पर आरोपी वहां से भाग गया।

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 16 अक्टूबर की सुबह आरोपी चुपचाप उसके नए मकान में घुस आया। जब वह बाथरूम जा रही थी, तब आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। साथ ही घटना के बारे में किसी को बताने पर उसके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत मिलने के बाद कोतरारोड़ पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल वारंट पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *