कुएं में पैर रखा, मोबाइल में बात करने में मगन था युवक, धड़ाम से गिरा

तेलंगाना। करीमनगर जिले में नशे की हालत में मोबाइल पर बात करते हुए एक युवक करीब 50 फुट गहरे कुएं में गिर गया। घटना के बाद युवक की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बचाव टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात करीब 9:45 बजे हुजूराबाद के बाहरी इलाके में पेड्डापापय्यापल्ली के पास हुई। युवक की पहचान गडेपल्ली प्रदीप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रदीप नशे की हालत में मोबाइल पर बात करते हुए चल रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह खेत में बने कुएं में जा गिरा।

कुएं में गिरने से प्रदीप को चोटें आईं। उसने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसे सुनकर आसपास के लोगों को घटना का पता चला। लोगों ने तुरंत फायर विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही हुजूराबाद फायर स्टेशन की टीम बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने काफी प्रयास के बाद प्रदीप को कुएं से बाहर निकाल लिया।

बताया जा रहा है कि कुएं में पानी कम होने के कारण युवक की जान बच गई। समय पर स्थानीय लोगों की मदद और फायर सर्विस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *