रायपुर। राजधानी में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर रैपिडो बाइक टैक्सी चालक के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो अज्ञात युवकों ने चालक से शराब पीने के लिए 1000 रुपये मांगे। इनकार करने पर पत्थर से उसकी बाइक टैक्सी को नुकसान पहुंचाया और मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित ने सरस्वती नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, कृष्णा नगर गुढ़ियारी निवासी मोहम्मद समीर रैपिडो बाइक टैक्सी चलाता है। देर रात एक युवती की बुकिंग मिलने पर वह अपनी बाइक टैक्सी क्रमांक CG 04 QD 1893 से जैन मंदिर की ओर जा रहा था। रात करीब 9:30 बजे वह गर्ल्स हॉस्टल के पीछे करबला तालाब के पास पहुंचा, जहां उसे दो अज्ञात युवक मिले।
शिकायत के मुताबिक, दोनों युवकों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष थी। उनमें से एक ने सफेद रंग की शर्ट और दूसरे ने पीले-सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी। एक युवक के दाहिने कान में बाली थी। दोनों के पास सफेद रंग की एक्टिवा भी थी, जिसका नंबर चालक नहीं देख पाया।
समीर के अनुसार, पहले एक युवक ने उससे सिगरेट लाने को कहा। सिगरेट लाने के बाद दोनों युवकों ने शराब पीने के लिए 1000 रुपये मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उसकी बाइक टैक्सी तोड़ने की धमकी दी और पास में पड़े पत्थर से वाहन में तोड़फोड़ कर दी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान एक युवक ने किसी वस्तु से उस पर हमला किया, जिसे रोकने के प्रयास में उसके दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई। वहीं, दूसरे युवक ने थप्पड़, मुक्के और लात से मारपीट की, जिससे उसके दाहिने हाथ की उंगली और गर्दन के पास खरोंच आई।
घटना के बाद पीड़ित ने सरस्वती नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।