रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शनिवार को आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर विस्तार से रणनीतिक चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा का लक्ष्य सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में जीत हासिल करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना और प्रत्येक बूथ को मजबूत करना ही हमारी जीत का आधार होगा। हमारा लक्ष्य केवल नगरीय निकाय चुनाव ही नहीं, बल्कि यह चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी भी है। नगरीय निकाय चुनाव के साथ हमें विधानसभा में भी प्रचंड जीत हासिल करनी है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि भाजपा पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने पिछले एक वर्ष में नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के शहर स्वच्छ, सुंदर और विकसित हो रहे हैं। जनता का विश्वास भाजपा के साथ है।
क्रेडा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय है। हम वार्ड-वार्ड तक संपर्क कर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे। नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी और ट्रिपल इंजन की सरकार विकास को नई गति देगी।