बिलासपुर। सीपत थाना पुलिस ने NTPC सीपत में ब्रिज एंड रूफ कंपनी के साइट ऑफिस से कॉपर केबल वायर चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए कॉपर केबल वायर सहित घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा, एक हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, चोरी गए कॉपर केबल वायर की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ब्रिज एंड रूफ (इंडिया) लिमिटेड में कार्यरत अरुण कुमार सिन्हा ने 16 अक्टूबर 2026 को सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उज्ज्वल नगर स्थित NTPC सीपत टाउनशिप के जलाशय-1बी में 26 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना का कार्य चल रहा है। परियोजना के साइट ऑफिस में 6 एमएम के कॉपर केबल वायर के 100 ड्रम रखे गए थे। साइट की जांच के दौरान 12 ड्रम गायब मिले। अज्ञात व्यक्ति द्वारा केबल वायर चोरी किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीपत पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथियों देवी लाल देवार, उमाशंकर सूर्यवंशी, चंद्रप्रकाश सूर्यवंशी, चतुर राम खरे, अनिल कुमार सूर्यवंशी और चंद्रहास सूर्यवंशी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कंपनी कार्यालय की दीवार फांदकर कॉपर केबल वायर के ड्रम चोरी किए थे। इसके बाद केबल को प्रगति नगर स्थित खंडहर अस्पताल परिसर में जलाकर कॉपर अलग किया गया और चंद्रहास सूर्यवंशी के ई-रिक्शा से नवाडीह निवासी कबाड़ी नंद कुमार साहू के पास बेच दिया गया। पुलिस ने कबाड़ी नंद कुमार साहू को भी मामले में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर केबल वायर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इसकी बिक्री से प्राप्त रकम 2 लाख 106 रुपये बताई गई है। आरोपियों ने इस रकम को आपस में बांटने और इसी राशि से हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल खरीदने की जानकारी दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी का कॉपर केबल वायर, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक CG 10 CD 7142, हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और 15,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।