रायपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान शहर भर में आयोजित होने वाले गरबा एवं डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।त्योहार के उल्लास के बीच असामाजिक तत्वों, मनचलों और शोहदों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए रायपुर पुलिस की ‘पिंक पेट्रोल यूनिट’ गरबा पंडालों और उनके आसपास सादे कपड़ों (गरबा ड्रेस ) में अंडरकवर ऑपरेशन चलाएगी।
पिंक पेट्रोल यूनिट की महिला पुलिसकर्मी गरबा पंडालों के भीतर व प्रवेश द्वारों पर आम नागरिकों के बीच उपस्थित रहेंगी। छेड़छाड़, फब्तियां कसने, अवांछित फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी करने या महिलाओं के साथ अभद्रता करने की नीयत से घूमने वाले असामाजिक तत्वों को रंगे हाथों पकड़ा जाएगा।पंडालों और आसपास के मार्गों पर महिलाओं को परेशान करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर पुलिस द्वारा त्वरित व सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।कार्यक्रम स्थलों के आस-पास पेट्रोलिंग वाहन निरंतर गश्त पर रहेंगे, ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
आम नागरिकों से विशेष अपील
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट सभी नागरिकों, विशेष रूप से महिलाओं व युवतियों से अपील करती है कि वे निर्भीक होकर सुरक्षित वातावरण में उत्सव का आनंद लें।यदि गरबा पंडाल या शहर के किसी भी क्षेत्र में कोई अप्रिय घटना, छेड़छाड़, संदिग्ध गतिविधि अथवा दुर्घटना घटित होती है, तो इसकी सूचना तुरंत पिंक पेट्रोल यूनिट के हेल्पलाइन नंबर 9479210932 या 112 को दे ।
आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और पुलिस त्वरित सहायता सुनिश्चित करेगी।