बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के मेंड्रा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां तीन वर्षीय बच्ची पर हमले की कोशिश के दौरान उसे बचाने आई दादी पर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दादी की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी प्रशांत शुक्ला (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे आरोपी प्रशांत शुक्ला पड़ोस के घर में खेल रही तीन वर्षीय बच्ची को धारदार हथियार के साथ अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। बताया गया कि आरोपी पुरानी रंजिश के चलते बच्ची को नुकसान पहुंचाने की नीयत से वहां पहुंचा था। इसी दौरान बच्ची की मां और उसकी दादी राजकुमारी यादव (56 वर्ष) ने उसे देख लिया और रोकने का प्रयास किया।
बचाव करने पहुंची दादी पर किया हमला
बच्ची को बचाने और आरोपी को रोकने के दौरान प्रशांत शुक्ला ने राजकुमारी यादव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशांत शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुरानी रंजिश को लेकर हुई इस घटना में एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई, जबकि तीन वर्षीय बच्ची को नुकसान पहुंचाने की कोशिश ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है।