सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के खिलाफ किया आपत्तिजनक पोस्ट, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। सोशल मीडिया पर हिन्दू देवी-देवताओं, ऋषियों और धर्मग्रंथों के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में जशपुर जिले की कुनकुरी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी (52 वर्ष), निवासी ग्राम बिहावल, पतराटोली, थाना कांसाबेल, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 199 और 299 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में इस्तेमाल किए गए वीवो मोबाइल फोन और उसमें लगे जियो सिम को भी जब्त किया गया है।

फेसबुक पोस्ट को लेकर दर्ज कराई गई थी शिकायत

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को चराईडांड़ निवासी करनैल सिंह (54 वर्ष), जिलाध्यक्ष विश्व हिन्दू परिषद, जशपुर ने थाना कुनकुरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 15 अक्टूबर को उन्होंने फेसबुक पर हेमंत बेदी नामक व्यक्ति के अकाउंट से एक पोस्ट देखी थी, जिसमें हिन्दू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं एवं ऋषियों के संबंध में कथित तौर पर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं। शिकायतकर्ता ने इसे धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बताते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस को देखकर भागने का प्रयास, मोबाइल-सिम जब्त

शिकायत के आधार पर कुनकुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और एसडीओपी कुनकुरी राजेश कुमार साहू के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

विवेचना के दौरान पुलिस आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराने पहुंची। पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट से हिन्दू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और जियो सिम जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 17 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।

धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, रामानुजम पांडे, दलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता और नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *