रायगढ़। जिले में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनीष राठिया, पिता चकबंदी राठिया के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला थाना में 25 वर्षीय युवती ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी पहले भी गांव की महिलाओं के साथ दिशा मैदान के लिए जाते समय छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकतें करता था। इस संबंध में ग्रामीणों और बीडीसी की ओर से उसे समझाइश भी दी गई थी, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।
पीड़िता के मुताबिक, 18 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे वह घर के पास जंगल में दिशा मैदान के लिए गई थी। इसी दौरान आरोपी झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ था। आरोप है कि उसने गलत नीयत से युवती के पास पहुंचकर उसका हाथ और साड़ी पकड़कर खींचतान की और छेड़छाड़ की।
शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 92/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और 77 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। आरोपी की तलाश में महिला थाना और चक्रधरनगर थाना की पेट्रोलिंग टीम रवाना की गई। पुलिस ने आरोपी को उसके घर पर मौजूद पाए जाने के बाद हिरासत में लिया और महिला थाना के सुपुर्द किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।