डोंगरगढ़ में मिलीं लापता दो नाबालिग किशोरी, त्वरित कार्रवाई से दुर्ग पुलिस को मिली सफलता

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लापता नाबालिग बालिकाओं को चंद घंटों के भीतर राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6 बजे 14 वर्षीय बालिका अपनी 13 वर्षीय सहेली के साथ दुर्गा देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दोनों बालिकाएं देर तक वापस नहीं लौटीं, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर 18 अक्टूबर को चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 1557/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। बालिकाओं की तलाश के लिए पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जानकारी का सहारा लिया।चौकी स्मृतिनगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बालिकाओं का पता लगाया और उन्हें डोंगरगढ़ से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को परिजनों के सुपुर्द किया गया। मामले में पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों के आने-जाने और उनके संपर्कों को लेकर सजग रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी बच्चे के लापता होने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते तलाश शुरू कर सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *