भोपाल/दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव कराने की घोषणा की है। यह सीट डॉ. एल. मुरुगन के 14 अक्टूबर को इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई है। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, उपचुनाव के लिए 26 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
12 नवंबर को होगा मतदान
राज्यसभा उपचुनाव के लिए 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन शाम 5 बजे मतों की गिनती की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने पूरी चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक संपन्न कराने का निर्देश दिया है।
आयोग ने निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त करने तथा चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के पर्याप्त इंतजाम करने की बात कही है। मतदान के दौरान मतपत्र पर वरीयता दर्ज करने के लिए निर्वाचन अधिकारी की ओर से उपलब्ध कराए गए निर्धारित बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा।