रायपुर। हीरापुर इलाके में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में घुसे चोरों ने चौकीदार को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और करीब 800 किलो कॉपर वायर चोरी कर फरार हो गए। चोरी किए गए वायर की कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपये आंकी जा रही है। वारदात के दौरान चोर फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस की जांच चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब डेढ़ बजे की है। चोर गिरोह अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में दाखिल हुआ। इसके बाद आरोपियों ने वहां तैनात चौकीदार को पकड़कर बांध दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। चौकीदार को काबू में करने के बाद चोरों ने फैक्ट्री में रखे कॉपर वायर को काटकर इकट्ठा किया और उसे लेकर फरार हो गए।
चोरों ने फैक्ट्री से करीब 800 किलो कॉपर वायर पार कर दिया। इसकी अनुमानित कीमत 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, ताकि घटना से जुड़े अहम साक्ष्य हाथ न लग सकें।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद कबीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच की जा रही है।राजधानी में फैक्ट्री के भीतर चौकीदार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के कॉपर वायर की चोरी की इस वारदात से औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।