जुआ फड़ों पर रायगढ़ पुलिस की रेड, 6 जुआरी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर जुआ खेलते छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों जुआ फड़ों से कुल 9,400 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और दो प्लास्टिक बोरियां जब्त की हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

बाउलीकुआं में तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि बाउलीकुआं क्षेत्र में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल देवांगन (27), महेश देवांगन (30) और पुरुषोत्तम देवांगन (31), निवासी बाउलीकुआं, कोतरारोड, रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे और जुआ फड़ से 5,200 रुपये नकद, ताश की 52 पत्तियां और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की।

दीनदयाल कॉलोनी में भी कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई दीनदयाल कॉलोनी, ढिमरापुर क्षेत्र में की गई। यहां पुलिस ने जुआ खेलते तीन लोगों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान सुमेश वासुदेव (25), निवासी पुरानी बस्ती ढिमरापुर; राजेश पटनायक (28), निवासी इंदिरानगर; और राजेश यादव (41), निवासी दीनदयाल कॉलोनी ढिमरापुर, रायगढ़ के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 4,200 रुपये नकद, ताश की 52 पत्तियां और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *