धमतरी। जिले में कुरुद पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 गायों को मुक्त कराया है। पुलिस ने गोवंश को क्रूरतापूर्वक छह चक्का ट्रक में भरकर ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गायों और ट्रक की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध पशु परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 25 अक्टूबर 2026 को कुरुद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक छह चक्का ट्रक में गोवंश को अवैध रूप से भरकर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम मरौद स्थित टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध अशोक लीलैंड ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक में 10 गायों को ठूंस-ठूंसकर और पर्याप्त दाना-पानी की व्यवस्था के बिना ले जाते हुए पाया गया। पुलिस को आशंका है कि गोवंश को कत्लखाने ले जाया जा रहा था।
बिलासपुर और कोरबा के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार कश्यप (38 वर्ष), निवासी गड़वर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर और मिथलेश पटेल (22 वर्ष), निवासी कसनिया जरभाठा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया और परिवहन में इस्तेमाल किए गए ट्रक को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में कुल 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है, जिसमें गायों की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये और ट्रक की कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है।