Headlines

फाइनेंस कंपनी का कलेक्शन एजेंट गिरफ्तार, रायगढ़ की 40 महिलाओं से 7 लाख की ठगी कर फरार था, हैदराबाद से गिरफ्तारी

रायगढ़। फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के पद पर काम करते हुए 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्तों के नाम पर 7 लाख 58 हजार 937 रुपये लेने और कंपनी में जमा नहीं करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया था और वहां एक कपड़े की दुकान में काम कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड की रायगढ़ शाखा के प्रबंधक वासुदास मानिकपुरी ने 31 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करने वाले विक्रम सिंह सिदार ने सितंबर 2023 से अगस्त 2024 के बीच 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्तों और बकाया ऋण की राशि जमा करने के नाम पर पैसे लिए, लेकिन कंपनी में जमा नहीं किए।

महिला हितग्राहियों ने इस संबंध में शाखा में शिकायत भी की थी। शिकायत के अनुसार, कुल 7,58,937 रुपये की राशि जमा नहीं हुई। कंपनी की ओर से आरोपी से संपर्क किया गया तो उसने कुछ दिनों में रकम जमा करने की बात कही, लेकिन बाद में मोबाइल बंद कर फरार हो गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और महिला हितग्राहियों के बयान दर्ज किए। साथ ही ग्राहकों के खातों से संबंधित लेजर और पासबुक की सत्यापित प्रतियां भी जब्त की गईं। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को उसके हैदराबाद में होने की सूचना मिली। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस की टीम हैदराबाद पहुंची। वहां बंजारा हिल्स क्षेत्र में तलाश के दौरान आरोपी विक्रम सिंह सिदार को एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन के रूप में काम करते हुए पकड़ा गया। पुलिस उसे रायगढ़ लेकर आई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर गबन की गई रकम खर्च कर देना बताया। आरोपी विक्रम सिंह सिदार (20 वर्ष), पिता बाबूलाल सिदार, निवासी अमेराडीह, जिला सक्ती के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) में मामला दर्ज है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत यह कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *