दुर्ग। जिले में ब्याज पर रकम देने के बाद मनमाने तरीके से वसूली करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वैशाली नगर पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे और संबंधित मकान की तलाशी के दौरान 3 लाख 79 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली डायरी, ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को वैशाली नगर निवासी पूनम मनोज कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वर्ष 2024 में उन्होंने 50 हजार ब्याज पर लिए थे और सुरक्षा के तौर पर ब्लैंक चेक व हस्ताक्षर किया हुआ कोरा स्टाम्प पेपर दिया था। प्रार्थिया का कहना है कि उन्होंने 29 सप्ताह में 72,500 का भुगतान कर दिया था, इसके बावजूद उनसे अतिरिक्त 1.50 लाख की मांग की जा रही थी। रकम देने में देरी होने पर गाली-गलौज और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

इसी मामले में प्रार्थिया की सहेली सुमिता तब्बोली ने भी शिकायत की। उनके अनुसार, उन्होंने 1 लाख ब्याज पर लिए थे और 28 सप्ताह में कुल ₹1.40 लाख का भुगतान किया था। इसके बाद भी उन्हें कथित रूप से परेशान किया जा रहा था और धमकियां दी जा रही थीं।
शिकायत के आधार पर वैशाली नगर थाने में अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 308(5), 3(5) और कर्जा एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दो महिलाएं गिरफ्तार, नकदी और दस्तावेज जब्त
पुलिस ने जांच के दौरान बबली साहू उर्फ बबली निरंजन और ज्योति निरंजन को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बबली साहू के कब्जे से 99,900 नकद और सीमा यादव के मकान की तलाशी के दौरान 2.80 लाख नकद बरामद किए गए। इसके साथ ही लेन-देन की डायरी कई बैंकों के ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि बबली साहू उर्फ बबली निरंजन के खिलाफ सुपेला थाने में कर्जा एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत पहले भी मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।