रायपुर में राजस्थान दिवस समारोह धूमधाम से सम्पन्न

रायपुर। राजस्थान क्लब, रायपुर द्वारा राजस्थान दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक, सामाजिक एवं बौद्धिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें शहर में निवासरत राजस्थानी समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका विषय था – “गौरवपूर्ण राजस्थान एवं प्रवासी राजस्थानियों का देश के विकास में योगदान”। संगोष्ठी की अध्यक्षता कैलाश रारा (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा) ने की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार गिरीश पंकज, पूर्व सदस्य प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया प्रदीप जैन तथा संपादक डॉ. अनिल द्विवेदी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य उद्योग विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल एवं वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में CAIT के उपाध्यक्ष आनंद सिंघानिया सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) रायपुर चैप्टर के चेयरमैन एवं ए.टी. ग्रुप के डायरेक्टर श्री तिलोकचंद बरड़िया को समाजसेवा एवं व्यापारिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “विकसित भारत सम्मान” से सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में श्री तिलोकचंद बरड़िया ने कहा कि यह सम्मान पूरे समाज का सम्मान है। उन्होंने सभी से राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, परंपरा एवं मूल्यों को संरक्षित रखने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राजस्थानी लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत घूमर एवं अन्य पारंपरिक नृत्य मुख्य आकर्षण रहे। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। साथ ही दाल-बाटी-चूरमा सहित विभिन्न राजस्थानी व्यंजनों का भी आनंद लिया गया।

यह आयोजन राजस्थान राज्य स्थापना दिवस (30 मार्च 1949) की स्मृति में किया गया, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना एवं समाज में एकता को सुदृढ़ करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *