Headlines

हेल्पर की हत्या ड्राइवर ने की थी, ढाई साल पुराने मामले में रायपुर पुलिस का खुलासा

रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में करीब ढाई वर्ष पुराने हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वाहन में हेल्पर का काम करने वाले संतोष साहू की गमछे से गला घोंटकर हत्या करने और शव सड़क किनारे फेंककर फरार होने के आरोपी चालक राकेश टोप्पो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुराने लंबित मर्ग और अपराधों की समीक्षा के दौरान पुलिस ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों का दोबारा विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर पुराने लंबित मामलों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी कड़ी में डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में थाना खमतराई पुलिस और एसीसीयू रायपुर की टीम ने जून 2024 के हत्या के इस मामले की पुनः जांच की।

सड़क किनारे मिला था हेल्पर का शव

पुलिस के मुताबिक, 22 जून 2024 को कमल साहू ने थाना खमतराई में सूचना दी थी कि उनका पुत्र संतोष साहू 21 जून की शाम घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह संतोष का शव मेन रोड पर चटर्जी कॉम्प्लेक्स, बंजारी मंदिर के पास राममंदिर-बिलासपुर रोड किनारे मिला था।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की पुष्टि होने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

वाहन में साथ काम करते थे मृतक और आरोपी

जांच में सामने आया कि संतोष साहू वाहन मालिक हरीश साहू के अशोक लीलैंड छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG-04-PG-8385 में हेल्पर के रूप में काम करता था। वहीं, राकेश टोप्पो वाहन का चालक था।

21 जून 2024 को दोनों वाहन से माल लेकर मंगलम ट्रांसपोर्ट, उरकुरा गए थे। वहां से लौटते समय दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी राकेश टोप्पो ने गुस्से में आकर गमछे से संतोष का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को वाहन से उतारकर सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मामले में पहले से संकलित गवाहों के बयान, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों सहित अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार पतासाजी और जांच के दौरान आरोपी राकेश टोप्पो की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

पुलिस ने आरोपी राकेश टोप्पो के खिलाफ हत्या के साथ साक्ष्य छिपाने की धारा 201 भादवि भी जोड़ी। आरोपी राकेश टोप्पो को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *