भखारा में हत्या, महावीर चौक के पास युवक को तीन आरोपियों ने घोंपा चाकू

धमतरी। भखारा पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

प्रकरण में थाना भखारा में अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।प्रार्थी संतोष निर्मलकर निवासी वार्ड क्रमांक 04 भखारा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 06.05.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे महावीर चौक भखारा में उसके पिता अन्नु निर्मलकर के साथ आरोपीगण शिवम साहू, चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू एवं राहुल कंवर उर्फ राहुल दीवान द्वारा पुराने लेन-देन एवं एक्सीडेंट की बात को लेकर विवाद किया गया।

विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा गाली-गलौच एवं मारपीट करते हुए शिवम साहू ने धारदार चाकू से अन्नु निर्मलकर के गले पर जानलेवा वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां जिला अस्पताल धमतरी में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर थाना भखारा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए एवं विवेचना के दौरान आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। मामले में फरार अन्य आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम

चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू, पिता स्व. रामकुमार दीवान, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04 भखारा, थाना भखारा जिला धमतरी (छ.ग.)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *