धमतरी जिले में अब तक 80.7 प्रतिशत हुई बारिश

धमतरी। जिले में मानसून की गतिविधियां जारी हैं। 10 जुलाई 2026 की स्थिति में जिले में औसतन 4.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं 1 जून 2026 से अब तक जिले में 234.6 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 290.7 मिमी का 80.7 प्रतिशत है।

तहसीलवार वर्षा आंकड़ों के अनुसार मगरलोड तहसील में अब तक 283.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य वर्षा का 98.2 प्रतिशत है और जिले में सबसे अधिक है। इसके बाद कुकरेल में 252.0 मिमी (89.6 प्रतिशत), बेलरगांव में 229.4 मिमी (85.1 प्रतिशत), नगरी में 250.4 मिमी (84.3 प्रतिशत), कुरूद में 230.2 मिमी (78.2 प्रतिशत) तथा धमतरी में 240.8 मिमी (74.5 प्रतिशत) वर्षा दर्ज की गई है। वहीं भखारा तहसील में अब तक 156.3 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जो सामान्य वर्षा का 55.5 प्रतिशत है।

आज दर्ज हुई वर्षा के अनुसार बेलरगांव में सर्वाधिक 10.5 मिमी, नगरी में 9.6 मिमी, कुरूद में 5.7 मिमी, कुकरेल में 2.0 मिमी, मगरलोड में 0.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। जबकि धमतरी और भखारा तहसीलों में आज वर्षा दर्ज नहीं हुई। जिला प्रशासन द्वारा मानसून की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों से भी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों का संचालन करने की अपील की गई है।

लगातार वर्षा से महानदी परियोजना के जलाशयों में बढ़ा जलभराव

महानदी परियोजना (एम.आर.पी. कॉम्प्लेक्स) अंतर्गत गंगरेल (रविशंकर सागर), मुरूमसिल्ली, दूधावा एवं सोंढूर जलाशयों में लगातार हो रही वर्षा के कारण जलस्तर और जलभराव में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। जल संसाधन विभाग द्वारा 9 जुलाई 2026 को जारी जलस्तर प्रतिवेदन के अनुसार चारों प्रमुख एवं मध्यम जलाशयों में जल आवक जारी है, जिससे सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रविशंकर सागर (गंगरेल) जलाशय का पूर्ण जलभराव स्तर (एफआरएल) 347.75 मीटर है। वर्तमान में जलाशय का जलस्तर 343.75 मीटर दर्ज किया गया है। जलाशय में लगभग 399.81 मिलियन घनमीटर (करीब 74.68 प्रतिशत) लाइव स्टोरेज उपलब्ध है। बीते 24 घंटे के दौरान जलाशय में लगातार आवक बनी रही, जिससे जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई।
मुरूमसिल्ली जलाशय का वर्तमान जलस्तर 423.21 मीटर दर्ज किया गया है। जलाशय में लगभग 206.66 मिलियन घनमीटर (72.74 प्रतिशत) लाइव स्टोरेज उपलब्ध है। लगातार वर्षा के चलते जलाशय में जल आवक बनी हुई है।
दूधावा जलाशय का जलस्तर 1388.48 मीटर दर्ज किया गया है। यहां लगभग 137.98 मिलियन घनमीटर जल का संग्रह है तथा जलाशय में लगातार आवक जारी है।
इसी प्रकार सोंढूर जलाशय का वर्तमान जलस्तर 468.30 मीटर दर्ज किया गया है। जलाशय में लगभग 137.89 मिलियन घनमीटर जल संग्रहित है और वर्षा के कारण इसमें भी निरंतर जल आवक हो रही है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि महानदी परियोजना के सभी प्रमुख जलाशयों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मानसून की सक्रियता बनी रहने पर आने वाले दिनों में जलभराव में और वृद्धि की संभावना है। विभाग द्वारा जलाशयों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार जल प्रबंधन संबंधी निर्णय लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *