रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में संचालित “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने उदउदा गांव में सार्वजनिक स्थान पर जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुआरियों के फड और पास से ₹17,650 की नगदी, 52 पत्ती ताश, जुआ फड़ में प्रयुक्त सामग्री तथा जुआरियों के 8 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि उदउदा गांव के आगे आम रास्ते पर कुछ व्यक्ति हार-जीत के दांव पर “काट-पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल मौके पर दबिश दी गई। पुलिस ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर मौके से उमेश देवनाथ, कालीचरण साह, मधुसुधन मंडल, सुशांत दास एवं ओमप्रकाश यादव को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान जुआ फड़ एवं आरोपियों के कब्जे से ₹17,650 नगद, 52 पत्ती ताश, बोरी का फटा टुकड़ा तथा फड़ के पास खड़े 8 दोपहिया वाहन (करीब ढाई लाख) जब्त किए गए। जब्त वाहनों में सुपर स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, टीवीएस जुपिटर, एचएफ डीलक्स, हीरो ग्लैमर, सीडी डीलक्स, होंडा साइन एवं स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध थाना धरमजयगढ़ में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही जुआरियों पर पृथक से धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है ।