भनपुरी में युवक से मारपीट, दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी के भनपुरी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में दर्री तालाब, भनपुरी निवासी महिला ने बताया कि वह महिला समूह में सिलाई-कढ़ाई का कार्य करती हैं। उनका बेटा लक्ष्य मानिकपुरी घर का सामान खरीदने दुकान गया था। सामान लेकर लौटते समय जब वह भनपुरी छठवा तालाब के पास पहुंचा, तभी वहां संदीप वर्मा और विरेन्द्र वर्मा ने उसे रोक लिया। शिकायत के मुताबिक दोनों आरोपियों ने पुरानी लड़ाई-झगड़े की बात को लेकर लक्ष्य मानिकपुरी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों तथा डंडे से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए श्रीनयन हॉस्पिटल देवेन्द्र नगर में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने बताया कि घटना की जानकारी प्रत्यक्षदर्शी आशु दुबे ने उन्हें दी। उपचार में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सकीं और कुछ दिन बाद थाना पहुंचकर पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संदीप वर्मा और विरेन्द्र वर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *