रायपुर। मैसेज भेजकर ठगी करने वाले मोबाइल हैकरों को रायपुर पुलिस ने पकड़ा है, कंचनगंगा फेस-02 निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघे ने डीडी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि थी कि 08.11.2025 को दोपहर के समय उनके मोबाइल नंबर पर अनेक मैसेज प्राप्त हुए, जिन्हें पढ़ने के लिए उन्होंने ओपन किया। इसके पश्चात उनके यूको बैंक एवं एक्सिस बैंक के खातों से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने संबंधी संदेश प्राप्त हुए। 08.11.2025 से 10.11.2025 के मध्य विभिन्न किश्तों में उनके बैंक खातों से कुल 3,94,000 की राशि अनधिकृत रूप से निकाल ली गई। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके मोबाइल पर मैसेज भेजकर मोबाइल हैक किया गया तथा उनके बैंक खातों से कुल 3,94,000 का अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर साइबर धोखाधड़ी की गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना डी डी नगर में अपराध क्रमांक 186/26 धारा 318(4) बीएनएस, 66(डी) आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
जांच टीम द्वारा आरोपी विशाल कुमार सिंह एवं महेश प्रसाद सिंह को पकड़ा गया। प्राप्त तकनीकी एवं दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी के मोबाइल पर फर्जी संदेश भेजकर मोबाइल हैक करने तथा बैंक खातों से अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से साइबर ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल 2 नग मोबाइल फोन, चेक बुक और नगद राशि 2,000 जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके बैंक खातों, डिजिटल उपकरणों, मोबाइल नंबरों एवं सोशल मीडिया आईडी का तकनीकी विश्लेषण कर गिरोह के संपूर्ण नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। गिरफ्तार हैकरों ने अपना नाम विशाल कुमार सिंग झारखण्ड़ और महेश प्रसाद सिंग झारखण्ड बताया।