धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा.) कुरुद के मार्गदर्शन में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स द्वारा जिले में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 फरवरी की रात्रि में अनुभागीय टास्क फोर्स द्वारा राजपुर-उमरदा स्थित भारतमाला हाईवे मार्ग पर गश्त के दौरान 03 हाइवा वाहन बिना वैध अनुज्ञा पत्र के अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए। टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर नियमानुसार मंडी कुरुद की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है। प्रकरण में खनिज अधिनियम के तहत आगे की विधिसम्मत कार्यवाही की जा रही है।
प्रशासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया है। अब तक जिले में अवैध रेत परिवहन के कुल 48 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 61 वाहनों को जब्त कर लगभग 32 लाख रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। साथ ही, पुनरावृत्ति रोकने हेतु संवेदनशील घाटों एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा है कि जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व की हानि पहुँचाने वाले एवं पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि रात्रिकालीन गश्त को और सुदृढ़ किया जाए तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर प्रभावी दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनिज परिवहन अथवा उत्खनन की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।