हॉर्न बजाने को लेकर विवाद, तेलीबांधा में चाकू से युवक पर जानलेवा हमला, दो आरोपी हिरासत में

रायपुर। तेलीबांधा थाने क्षेत्र में मोटरसाइकिल का हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 11:45 बजे गौरी-गौरा मंदिर के पास हुई। प्रार्थी महेश ने पुलिस को बताया कि उसका भांजा प्रकाश धीवर अपने मोहल्ले में था। इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले आदि यादव और उमैद खान ने मोटरसाइकिल का हॉर्न बजाने की बात को लेकर उससे विवाद किया।

आरोप है कि दोनों ने धारदार चाकू से प्रकाश पर हमला कर आंख और सिर के पास गंभीर वार किए। पीड़ित की रिपोर्ट पर तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 372/2026, धारा 109(1), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसी दौरान पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत देवार डेरा, संदिग्ध स्थानों और अड्डेबाजों की चेकिंग भी की गई। अभियान के दौरान 6 आराेपियों के खिलाफ धारा 170/126, 135 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *