रायपुर। शहर में संचालित स्पा सेंटरों में नियमों के पालन और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़े स्तर पर अभियान चलाया। पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ जांच की। कार्रवाई के लिए 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसमें अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में की गई। वहीं सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों की जांच की।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों एवं रिकॉर्डिंग, संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन, कर्मचारियों की आयु संबंधी दस्तावेज और स्टाफ रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा स्पा सेंटरों में प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध गतिविधियों, परिसर की व्यवस्था, लीज/किराया, स्वामित्व और अन्य आवश्यक अनुमतियों की भी पड़ताल की गई।

दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं जांच के दौरान थाना डीडी नगर क्षेत्र के एलिना स्पा सेंटर और थाना पंडरी क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर में आपत्तिजनक वस्तुएं पाए जाने की बात सामने आई।
इसके बाद दोनों स्पा सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।