कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक शिक्षिका ने अपने व्याख्याता पति को एक युवती के साथ कार में बैठे देखा, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। (Katghora Police Station)
(korba ki khabar) जानकारी के मुताबिक, शिक्षिका कटघोरा विकासखंड के डुडगा स्थित स्कूल में पदस्थ हैं, जबकि उनके पति चैतमा स्कूल में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षिका का आरोप है कि उन्होंने अपने पति को दूसरी युवती के साथ कार में देखा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
शिक्षिका ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि युवती को लेकर सवाल करने पर पति ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं, पति ने पुलिस के समक्ष अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि कार में मौजूद युवती उनकी पूर्व छात्रा थी। आरोप है कि पत्नी ने स्थिति को गलत समझते हुए उनके साथ गाली-गलौज की और इसी दौरान उनके हाथ की उंगली काट ली।
विवाद के बाद दोनों पक्ष कटघोरा थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।