कीड़े लगे मोमोज बेच रहा रेस्टोरेंट वाला, ग्राहक ने किया हंगामा, सील करने की मांग  

इंदौर। इंदौर के एक रेस्टोरेंट में मोमोज के अंदर कीड़े मिलने का मामला सामने आया है. घटना के बाद ग्राहक ने खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराते हुए रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. इंदौर में खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सी-21 मॉल के पीछे डायमेंशन फर्निचर के सामने स्थित एक रेस्टोरेंट में ग्राहकों को परोसे गए मोमोज के अंदर इल्लियां मिलने का मामला सामने आया है. घटना के बाद ग्राहक ने खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराते हुए रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम दीपक मीणा अपने दोस्तों के साथ नाश्ता करने रेस्टोरेंट पहुंचे थे. उन्होंने मोमोज ऑर्डर किए. प्लेट टेबल पर पहुंचने के बाद जब उन्होंने मोमोज को देखा तो उसके अंदर इल्लियां रेंगती नजर आईं. यह देखकर ग्राहक हैरान रह गए और उन्होंने तत्काल रेस्टोरेंट प्रबंधन से शिकायत की.

दीपक मीणा के मुताबिक, जब उन्होंने संचालक सिद्धार्थ मालवीय और कर्मचारी सोनू पाल से इस संबंध में सवाल किया तो कर्मचारी ने यह कहते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि मोमोज उनके यहां तैयार नहीं किए जाते. आरोप है कि इसके बाद मामले को लेकर ग्राहकों और रेस्टोरेंट कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई.

मामला यहीं नहीं रुका. ग्राहकों ने रेस्टोरेंट में रखी फ्रोजन मोमोज की बास्केट की खुद जांच की. शिकायतकर्ता का दावा है कि बास्केट में रखे दूसरे मोमोज में भी इल्लियां दिखाई दीं. इसके बाद उन्होंने मौके के फोटो और वीडियो बनाए और खाद्य सुरक्षा विभाग को पूरे मामले की जानकारी दी. शिकायत में दीपक मीणा ने खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई और गुणवत्ता की विस्तृत जांच कराने की मांग की है. साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर रेस्टोरेंट को सील करने और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है. शिकायत के साथ फोटो, वीडियो और रेस्टोरेंट की लोकेशन भी विभाग को उपलब्ध कराई गई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *