दो लाख के बाद फिर उधार मांगा एक लाख, मना करने पर हत्या की धमकी और मारपीट, रायपुर में तीन गिरफ्तार

रायपुर। उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में दो युवकों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में देवेन्द्र नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, राजातालाब निवासी हसनैन सिद्दिकी और असजद खान दोस्त हैं। 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे हसनैन के मोबाइल पर अब्दुल हकीम का फोन आया। हकीम ने उससे एक लाख रुपये की मांग की। इस पर हसनैन ने पूर्व में लिए गए दो लाख रुपये वापस करने की बात कही। इसके बाद हकीम ने दोनों को देवेन्द्र नगर मुक्तिधाम के सामने बुलाया।दोनों के वहां पहुंचने पर हकीम के साथ हुसैन उर्फ बिट्टू, जावेद और सोनू भी मौजूद थे।

आरोप है कि हकीम ने एक लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद जावेद और हुसैन उर्फ बिट्टू ने असजद खान से हाथ-मुक्का और धातु की वस्तु से मारपीट की, जबकि सोनू ने भी उसके साथ मारपीट की।इसी दौरान हकीम और सोनू ने हसनैन सिद्दिकी के साथ हाथ-मुक्का और बेल्ट से मारपीट की, जिससे वह सड़क पर गिर गया और उसके सिर में चोट आई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ितों की रिपोर्ट पर थाना देवेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी देवेन्द्र नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी एवं अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर पुलिस ने अब्दुल हकीम, सौरभ यादव उर्फ सोनू और जावेद मेमन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *