Headlines

छत्तीसगढ़ में बढ़ा स्वाइन फ्लू का संक्रमण, 10 नए मरीज मिले, एक्टिव केस बढ़कर 28

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 10 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या भी 18 से बढ़कर 28 पहुंच गई है।प्रदेश में सबसे ज्यादा नए मामले राजधानी रायपुर और दुर्ग में सामने आए हैं।

रायपुर में 3 नए मरीज मिले हैं। इसके बाद जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 51 से बढ़कर 54 हो गई है, जबकि एक्टिव केस 6 से बढ़कर 9 हो गए हैं। दुर्ग में भी 3 नए संक्रमित मिले हैं। यहां कुल मरीजों की संख्या 7 से बढ़कर 10 और एक्टिव मरीजों की संख्या 2 से बढ़कर 5 हो गई है। रायगढ़ में 2 नए मरीज मिले हैं। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 5 से बढ़कर 7, जबकि एक्टिव केस 2 से बढ़कर 4 हो गए हैं।

इसी तरह बिलासपुर में 1 नया मामला सामने आया है। यहां कुल मरीजों की संख्या 12 से बढ़कर 13 और एक्टिव मरीज 2 से बढ़कर 3 हो गए हैं। सरगुजा में भी 1 नया संक्रमित मिला है, जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या 2 से बढ़कर 3 और एक्टिव मरीजों की संख्या शून्य से बढ़कर 1 हो गई है।

केंद्रीय जेल का अधिकारी भी संक्रमित

रायपुर केंद्रीय जेल में पदस्थ एक अधिकारी के भी स्वाइन फ्लू संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। उनका इलाज रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में चल रहा है।बताया गया है कि अधिकारी अपने परिवार के साथ कांकेर गए थे। वहां उन्हें बुखार, सर्दी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत हुई। जांच कराने पर उनका एच1एन1 टेस्ट पॉजिटिव आया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारी के परिवार के सदस्यों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पूरी कर ली है। परिवार के अन्य सदस्यों के स्वस्थ होने की जानकारी है।स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *